कृषि उत्पादन आयुक्त ने किया मुर्गीपालन प्रक्षेत्र का दौरा

पशु संदेश,16 मई,रायपुर।

छत्तीसगढ़ में मुर्गीपालन से जुड़े कृषकों की आय कैसे बढ़े इसके लिए कृषि उत्पादन आयुक्त अजय सिंह ने अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम सरगवां स्थित मुर्गीपालन प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से मुर्गीपालन में होने वाली समस्याओं पर चर्चा की साथ ही मुर्गीपालन के व्यवसाय में लगे लोगों की आय के बारे में जानकारी एकत्रित की। उन्होंने अधिकारियों से मुर्गीपालकों को एजोला निर्माण के बारे में जानकारी दिए जाने की बात कही। इस मौके पर स्थानीय महिला मुर्गीपालकों ने उन्हें बताया कि वे बाड़ी में उत्पादित भाजियों को भी काटकर मुर्गियों को खिलाते हैं वही ठंड के दिनों में मुर्गियों को वरसीम खिलाया जाता है। इसके अतिरिक्त मुर्गियों को नियमित रूप से कुुक्कट आहार दिया जाता है। मुर्गीपालकों ने आयुक्त को बताया कि उन्हें मुर्गों और अंडों को विक्रय करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और ये पोल्ट्री उत्पाद आसानी से बिक जाते हैं। यहॉ के मुर्गीपालकों को पहले मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत मुर्गीपालन का प्रशिक्षण दिया गया तत्पश्चात उन्हें मूर्गी के चूजे प्रदान किये गये। इसी तरह हितग्राहियों को महात्मा गांधी राष्ट्र्रीय रोजगार गारण्टी योजना के तहत  60 हजार रूपए की लागत से शेड तैयार कराया गया है, जिसमें वे मुर्गीपालन कर रहे हैं। अंबिकापुर की यह मुर्गीपालन परियोजना शासन की विभिन्न योजनाओं के समन्वय का अच्छा उदाहरण है।
 
 

  •