पदों की संख्या बढ़ाये जाने की मांग को लेकर बेरोजगार पशु चिकत्सकों ने किया प्रदर्शन


पशु संदेश,3 जुलाई,जम्मू |

राज्य में पशु चिकत्सकों के पदों की संख्या बढाये जाने की माँग को लेकर राज्य के बेरोजगार पशु चिकत्सकों ने जम्मू प्रेस क्लब पर प्रदर्शन किया | शासन ने 17 जून को पशु चिकत्सकों के 24 पदों पर नियुक्ती हेतु विज्ञापन जारी किया है | बेरोजगार पशु चिकत्सक पदों की इतनी कम संख्या से संतुष्ट नहीं हैं, वे पदों की संख्या बढाए जाने की मांग कर रहे हैं | प्रदर्शन का नेतृतव कर रहे बेरोजगार पशु चिकत्सक संघ के अध्यक्ष डॉ इशफाक अहमद ने मीडिया को बताया कि राज्य में लगभग 1000 पशु चिकत्सक बेरोजगार हैं और मात्र 24 पदों पर भर्ती की जा रही है,यह पशु चिकत्सकों के साथ नाइंसाफी है | उन्होंने कहा कि राज्य में 2445 पशु चिकित्सा संस्थायें हैं और राज्य में मात्र 600 पशु चिकत्सक पदस्थ हैं | इन हालातों में राज्य पशु पालन के क्षेत्र में देश के अन्य प्रदेशों के समकक्ष कैसे आ सकता है | उन्होंने राज्य की मुख्य मंत्री महबूबा मुफ्ती से पशु चिकत्सकों के पदों की संख्या बढाये जाने की माँग की, जिससे राज्य के बेरोजगार पशु चिकत्सकों को रोजगार मिल सके|

  •