गौशाला संस्थाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए समस्त महाजन की मार्गदर्शिका  प्रकाशित

गो-संवर्धन से ग्राम में विकास की नई एवं व्यवहारिक अवधारणा बताई श्री गिरीश जयंती लाल शाह ने 
Pashu Sandesh, 06 June 2022 मुंबई (महाराष्ट्र)

डॉक्टर आर बी चौधरी

समस्त महाजन के मैनेजिंग ट्रस्टी  एवं भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री गिरीश जयंतीलाल शाह  ने बताया कि  उनकी संस्था देश भर की गौशाला संस्थाएं जैसे - गौशाला, पिंजरापोल  एवं गौसदन के लिए  एक मार्गदर्शिका प्रकाशित किया है  जो गौशालाओं के स्वावलंबन के लिए अत्यंत  उपयोगी है।  शाह ने यह भी बताया कि  यह मार्गदर्शिका प्राप्ति का  अनुरोध करने वाले व्यक्ति को तुरंत  उपलब्ध कराई जाएगी  और  गौशाला संस्था को स्वावलंबी बनाने के लिए  सुझाव एवं  हर संभव सहायता  भी  प्रदान किया जाएगा।
 
समस्त महाजन के मैनेजिंग ट्रस्टी द्वारा प्रकाशित 37 पृष्ठ के मार्गदर्शिका में गौशालाओं के स्वाबलंबन तथा गौशाला के माध्यम से राष्ट्रीय योगदान में भूमिका को बड़े ही व्यवहारिक ढंग से समझाने का प्रयास किया गया है। किसी भी गौशाला संस्था के चौमुखी विकास एवं स्वावलंबन के लिए  कई महत्वपूर्ण बातें गिनाई गई है जिसमें जल प्रबंधन के लिए - वाटर हार्वेस्ट,चारा विकास ,ऑर्गेनिक फार्मिंग, वृक्षारोपण, ग्राम्य विकास, पशु-पक्षियों की सेवा के लिए एंबुलेंस, चारा भंडार,जरूरतमंदों के लिए भोजन प्रबंधन हेतु भोजन रथ और  शिक्षा प्रबंध के साथ-साथ पशु कल्याण एवं जीव दया का प्रकल्प सुझाया गया है। गौशाला स्थापित करने के लिए वैज्ञानिक विधि से तैयार की जाने वाली संस्था का पूरा नक्शा एवं ढांचा बताया गया है जिसे बड़े ही आसानी से समझा जा सकता है और नई संस्था स्थापित करने वाले पशु प्रेमियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
 
यह बता दें कि श्री गिरीश जयंतीलाल शाह  पिछले 25 वर्षों से गौशाला स्वावलंबन के लिए प्रयासरत हैं । उन्होंने  राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश में गौशाला विकास की  बिगुल बजा दी हैं और सफलता के पथ पर निरंतर अग्रसर हैं।  श्री शाह का यह अभियान अब सबकी नजरों में आ गया है और देश-विदेश में कार्यरत पर्सनालिटीज को आकृष्ट किया है  जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  एवं श्री अमित शाह  से लेकर देश-विदेश  के दर्जनों विशिष्ट व्यक्ति श्री गिरीश जी के प्रशंसक है।दरअसल,इस मार्गदर्शिका में आदर्श गौ सेवा तथा  गौशाला संस्था स्थापना के लिए श्री शाह ने 37 आधारभूत घटक की आवश्यकता बताई है जिसमें मूलतः गोकुलम,जल प्रबंधन के लिए तालाब, चिकित्सालय, कैटल शेड , डॉक्टर हाउस, म्यूजियम ,गार्डन , पराली और भूसा भंडार, गोबर-गोमूत्र औषधि निर्माण आदि शामिल है। इस मार्गदर्शिका में गौशाला के माध्यम से गांव तथा पर्यावरण को समृद्ध बनाने के लिए एक श्री गिरीश जयंतीलाल शाह का एक अत्यंत आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक साक्षात्कार भी प्रकाशित किया गया है जिसमें 17 प्रश्नों में पूछे गए गौशाला संचालन के मूल मंत्र की विधिवत चर्चा है।
 
इस मार्गदर्शिका में समस्त महाजन का पूरा विवरण प्रदान किया गया है। अगर कोई भी व्यक्ति समस्त महाजन से जुड़ना या सहयोग देना चाहता है अथवा समस्त महाजन के विकास प्रणाली/या मार्गदर्शिका के माध्यम से काम करना चाहता है तो उसको समस्त महाजन  द्वारा सहयोग दिया जाएगा। गौशाला प्रतिनिधियों एवं  विशेषज्ञों/ वैज्ञानिकों  के सुझाव भी मांगे गए हैं ताकि मार्गदर्शिका में सुधार किया जा सके और मार्गदर्शिका को उपयोगी बनाया जा सके। इस मार्गदर्शिका में गौशाला संस्थाओं से कुछ आवश्यक सूचना मांगी गई है जिसे प्राप्त हो जाने के बाद गौशाल संस्था समस्त महाजन से सहयोग प्राप्त कर सकती है। मार्गदर्शिका प्राप्त करने के लिए संपर्क सूत्र है :+919820020976