सिक्किम में मिला हिम तेंदुआ


कैमरे में कैद हुई तेंदुए की तस्वीरें
पशु संदेश, भोपाल।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है कि विलुप्तता की कगार पर खड़े हिम तेंदुए की उपस्थिति के सिक्किम में पुख्ता प्रमाण मिले हैं। इन प्रमाणों को दर्ज किया है नेचर कंजरवेशन एंड अडॉप्टटेशन इन एसियाज हाई माउंटेन्स प्रोजेक्ट के तहत सिक्किम क्षेत्र में लगाए गए कैमरों ने।
वल्र्ड वाइल्ड लाइफ फंड-इंडिया ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि संस्था वर्ष 2006 से जम्मू कश्मीर, अरूणाचल प्रदेश और सिक्किम में हिम तेंदुए की उपस्थिति दर्ज करने के प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। वर्ष 2015 में कंजरवेशन एंड एडॉप्टटेशन इन एसियाज हाई माउंटेन प्रोजेक्ट के तहत सिक्किम के जंगलों में कैमरे लगाए गए थे। अभी हाल ही में इन कैमरों में उत्तरी सिक्किम में चार अलग-अलग स्थानों पर हिम तेंदुए की तस्वीरें कैद हुई हैं। इसके पूर्व में चरवाहों द्वारा क्षेत्र में हिम तेंदुए के देखे जाने की खबरें मिलती रहती थीं, पर अब कैमरों में दर्ज फोटो ग्राफों से सिक्किम क्षेत्र में हिम तेंदुए की उपस्थिति पुख्ता हो गई है।
वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट ऑफ इंडिया में हिम तेंदुए को सेड्यूल वन के तहत रखा गया है। इंटरनेशनल यूनियन ऑफ कंजरवेशन ऑफ नेचर ने भी हिम तेंदुए को संकटग्रस्त प्रजातियों की श्रेणी में रखा है। हिम तेंदुए की खास बात यह है कि वह सिर्फ बहुत ऊंचाई वाले स्थानों पर ही पाया जाता है, इसलिए इसका देखा जाना बहुत दुर्लभ होता है।

  •