Pashu Sandesh, 7 June 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में पशु प्रेमियों की एक समर्पित टीम 8 जून, 2025 को एमजी इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में जीव दया, करुणा एवं पशु कल्याण पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन कर रही है।
भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड, पूर्वी उत्तर प्रदेश के मानद जीव-जंतु कल्याण प्रतिनिधि डॉ. अमरनाथ जायसवाल ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश महिला आयोग की माननीया उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी करेंगी। उन्होंने आगे बताया कि भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के पूर्व सहायक सचिव डॉ. आर. बी. चौधरी इस कार्यशाला के मुख्य वक्ता होंगे, जो गोरखपुर शहर में जीव दया, करुणा और पशु कल्याण के महत्वपूर्ण गुर साझा करेंगे।
डॉ. अमरनाथ जायसवाल ने यह भी जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में गोरखपुर शहर तथा आसपास के सभी प्रमुख पशु प्रेमियों और गौशाला प्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गोरखपुर शहर को स्वच्छ, सुसज्जित और पशु अपराध से मुक्त बनाने के लिए यहाँ के पशु प्रेमियों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ना है। साथ ही, उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय पशु कल्याण कार्यक्रमों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का एक प्रमुख लक्ष्य यह भी है कि शहर की जीव-जंतु कल्याण संस्थाएँ निराश्रित एवं लावारिस पशुओं के लिए कम से कम 'एनिमल हेल्पलाइन' जैसी सुविधाओं से सुसज्जित हों, ताकि कहीं भी जीवन-मृत्यु से जूझ रहे जीव-जंतुओं के प्राणों की रक्षा की जा सके। इस आयोजन के प्रभारी अवधेश कुमार ने गोरखपुर शहर तथा आसपास के सभी पशु प्रेमियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में शरीक होकर के इस कार्यशाला का लाभ उठाएं और पशु कल्याण के राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़े तथा पशु पक्षियों की सेवा करें।
यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम बाबा रामदास ग्रामीण सेवा संस्थान के संचालक और भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड, भारत सरकार से प्रशिक्षित पशु प्रेमी अवधेश कुमार के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शहर के तमाम कर्मठ पशु प्रेमी अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं, जिनमें विजय बहादुर, अपराजिता माथुर, दीप मित्रम, राजकुमार नायक, मनजीत सिंह, अनुपमा द्विवेदी, दिनेश उपाध्याय, डॉ. रहमत अली और शिवेंद्र यादव प्रमुख हैं।